बुरहानपुर। वोटर वेरीफीकेशन और वोट चोरी के मुद्दे को लेकर सोमवार रात 8 बजे जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से शौकत मैदान के पास विरोध प्रदर्शन किया गया। इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने केंद्र सरकार का पुतला दहन किया गया। पुलिस ने इसे रोकने का भरपूर प्रयास किया। पुतले पर कैन से पानी भी डाला। काफी देर तक छीना झपटी भी हुई, लेकिन आखिरकर कांग्रेस नेताओ ंने पुतला दहन कर दिया और काफी देर तक नारेबाजी भी की।
जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष रिंकू टांक ने बताया वोटर वेरीफिकेशन और वोट चोरी के मुद्दे को लेकर लोकसभा के नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, कांग्रेस महासचिव व सांसद प्रियंका गांधी सहित अन्य नेताओं के द्वारा चुनाव आयोग ऑफिस तक शांतिपूर्ण पैदल मार्च निकाला जा रहा था, लेकिन हमारे नेताओं को गिरफ्तार कर थाने ले जाया गया था। इसके विरोध में जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा केंद्र सरकार का पुतला दहन किया गया। पूर्व कांग्रेस महासचिव अजय सिंह रघुवंशी ने कहा-पूरे देश में राहुल गांधी द्वारा संविधान अधिकार अभियान चलाया जा रहा है। आवाज उठाने पर उनकी गिरफ्तारी की गई। इस दौरान कांग्रेस के पूर्व विधायक, प्रदेश पदाधिकारी, सभी प्रकोष्ठों के अध्यक्ष, पदाधिकारी, पार्षद, यूथ कांग्रेस, एनएसयूआई, कांग्रेस अल्पसंख्यक विभाग, महिला कांग्रेस आदि कार्यकर्ता, पदाधिकारी मौजूद थे।
